
बक्सर: अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में 14 से 20 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर बक्सर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद अग्निशमनकर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को ‘पिन फ्लैग’ लगाकर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा वीके ग्लोबल हॉस्पिटल एवं रिया हॉस्पिटल में अग्नि अंकेक्षण (फायर ऑडिट) के साथ-साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इसके अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क करना और समय रहते बचाव के उपायों की जानकारी देना है।




