
बक्सर: भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट एवं मां निर्मला देवी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रामरेखा घाट के समीप स्थित बस्ती में एक भव्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बाबासाहेब के “शिक्षित बनो” के संदेश को सार्थक करते हुए जरूरतमंद एवं मेधावी बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर सहित अन्य पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान मां निर्मला देवी फाउंडेशन के संस्थापक एवं सचिव डॉ. रास बिहारी शर्मा ने कहा कि बच्चों को अंबेडकर जी के संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरणादायक कहानियां सुनानी चाहिए, ताकि वे उनसे प्रेरित होकर शिक्षा के प्रति जागरूक बनें।
वहीं, फाउंडेशन की अध्यक्ष अनुराधा कुमारी ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज का समग्र विकास संभव है।
महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट के संस्थापक आदित्य सिंह ने कहा कि सच्चा उत्सव वही है, जिसमें हम किसी जरूरतमंद के काम आ सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर खुशी ही
बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है और उनका लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा गरीबी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में बंटी पटेल, अभिषेक गुप्ता, ओंकार शर्मा, अजय कुमार, शुकदेव सिंह एवं देव पांडे सहित कई गणमान्य लोग एवं बस्ती के बच्चे उपस्थित रहे।




