बिहार सेंट्रल स्कूल का शानदार रिजल्ट. मेधावी विद्यार्थियों का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित

बक्सर: शहर के बिहार सेंट्रल स्कूल में गुरुवार को सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के शत-प्रतिशत परिणाम के बाद सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा. सफल विद्यार्थियों का स्वागत पुष्पवर्षा, मिठाई और उपहार देकर किया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के समर्पण का भी प्रतिफल है.
अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफलता किसी भी छात्र के जीवन का पहला महत्वपूर्ण सोपान होती है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती है. उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि असली सफलता वही है, जो समाज और परिवार के उत्थान के लिए समर्पित हो.
उन्होंने यह भी कहा कि सफल विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपने जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही दिशा दिखाएं. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सतत अध्ययन, मनन और चिंतन ही सफलता की कुंजी है.
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर रक्षा कुमारी, विकास, आयुष्मान, सत्यामूजा, आस्था, राज सिंह, हरिओम, रोशनी और समिति सहित अन्य विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की




