जनशताब्दी एक्सप्रेस में बम की सूचना निकली अफवाह, महिला के पास से 14 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुस्तैदी से एक बड़ी अफवाह का पर्दाफाश हो गया। सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 15125 जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला यात्री के शरीर पर बम जैसा संदिग्ध सामान बंधा हुआ है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना प्राप्त होने तक ट्रेन बक्सर स्टेशन पार कर चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों आरक्षी राजमुकुल कुमार एवं प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को अलर्ट किया और जीआरपी के सहयोग तथा महिला रेलकर्मी चंद्रावती देवी की मौजूदगी में विशेष जांच के निर्देश दिए।
डुमरांव स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही कोच की सघन जांच की गई। जांच के दौरान एक महिला यात्री ममता कुमारी (उम्र लगभग 29 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी बिहिया (भोजपुर) को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके शरीर पर बम जैसा कोई सामान नहीं मिला, बल्कि 14 बोतल अंग्रेजी शराब छुपाकर रखी हुई बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि महिला द्वारा शराब को इस तरह शरीर पर छुपाया गया था कि वह बम जैसी संदिग्ध वस्तु प्रतीत हो रही थी, जिससे अफवाह फैल गई। आरपीएफ ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर महिला को अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी बक्सर के सुपुर्द कर दिया है।




