
बक्सर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद जहां प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है, वहीं बक्सर के रामरेखा घाट पर नाविकों की लापरवाही अब भी जारी है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी और बैठक के बावजूद सोमवार को घाट पर सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिली।रविवार को बक्सर के रामरेखा घाट पर एसडीएम अविनाश कुमार एवं एसडीपीओ गौरव पांडे ने स्थानीय नाविकों और पांडा समाज के लोगों के साथ बैठक कर नाव परिचालन में सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया था।अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा था कि बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव पर नहीं बैठाया जाए तथा नावों में ओवरलोडिंग से पूरी तरह बचा जाए।
लेकिन सोमवार को प्रशासनिक निर्देशों का कोई असर दिखाई नहीं दिया। मुंडन संस्कार के लिए पहुंचे श्रद्धालु बिना लाइफ जैकेट के ही नावों पर सफर करते नजर आए। कई नावों पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया।

इतना ही नहीं, कुछ महिलाएं नाव पर डांस करती भी दिखाई दीं,जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो बक्सर में भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से घाटों पर नियमित निगरानी, लाइफ जैकेट की अनिवार्यता और ओवरलोड नावों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।




