Others

बिहार की आवाज़ बना पांडव मामला: जन सुराज पार्टी ने दिल्ली पहुंचकर पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

बक्सर/नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक हवलदार की कथित बर्बरता के शिकार बने बिहार के युवक पांडव की मौत का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। यह मामला अब केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे बिहार की अस्मिता और न्याय की लड़ाई के रूप में सामने आ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर जन सुराज पार्टी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए पीड़ित परिवार का समर्थन किया है। पार्टी के संस्थापक के साथ बक्सर जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा दिल्ली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि यह घटना केवल एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि बिहार और बिहारी अस्मिता पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और वर्दी के घमंड में निर्दोष बिहारी युवाओं पर अत्याचार किया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मांग की कि पांडव के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं न्याय दोनों सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी गरीब परिवार इस तरह की पीड़ा न झेले।

वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक पांडे ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल बिहारी होने के कारण किसी की जान ले लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर मामला है। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जन सुराज पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन के रूप में उठाएगी। इस घटना को लेकर बिहार के युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!