बक्सर। आगामी 24 मई 2026 को बक्सर किला मैदान में आयोजित होने वाले भव्य सैनिक समागम समारोह को सफल बनाने को लेकर आई ई एस एम (IESM) बक्सर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 24 मई को होने वाले सैनिक समागम समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाना है। समारोह के मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री भारत सरकार माननीय संजय सेठ होंगे।
जानकारी दी गई कि यह समारोह सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे तक चलेगा, जिसमें पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के कल्याण से जुड़ी समस्याओं पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही कार्यक्रम में सीजीडीए (CGDA) एवं पीसीडीए (PCDA) द्वारा पेंशन अदालत भी लगाई जाएगी, जिसमें संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे और सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करेंगे।

चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने कहा कि समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पूर्व सैनिक युद्ध स्तर पर कार्य करेंगे। उन्होंने समाजसेवियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। वहीं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि इस आयोजन में सभी सैनिक संगठन मिलकर अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने बताया कि IESM का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि बक्सर के साथ-साथ बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से भी सैनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बैठक में बताया गया कि IESM बक्सर अब तक पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को लगभग 10 करोड़ रुपये पेंशन एवं एरियर के रूप में दिलाने में मदद कर चुका है, जो पूरी तरह निःशुल्क और निस्वार्थ सेवा के तहत किया गया है।
इस दौरान उपस्थित सैनिकों ने एफएडीएस विश्वजीत सहाय, सीजीडीए ए.एन. दास, पीसीडीए प्रधान नियंत्रक कवलदीप सिंह एवं अन्य अधिकारियों के प्रति आभार जताया। बैठक के अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सैनिक एकता के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पांडे ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय, नायक शशि भूषण ओझा समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।




