
बक्सर, शनिवार। शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रित्येश राज ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी आईएफओएस (इंडियन फॉरेस्ट सर्विस) में पूरे देश में 79वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शनिवार को बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
विद्यालय पहुंचने पर प्रित्येश राज का विद्यालय परिवार की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। स्कूल के सचिव सरोज सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्रों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रित्येश राज ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। विद्यार्थियों ने उनसे पढ़ाई, सफलता और संघर्ष से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरलता से जवाब दिया।
उन्होंने छात्रों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। कहा कि सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी को देते हुए कहा कि यदि छात्र नियमित रूप से स्वयं अध्ययन करें तो किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल कर सकते हैं।
प्रित्येश राज ने अपने संघर्ष और मेहनत के अनुभव साझा करते हुए बच्चों का हौसला बढ़ाया तथा उन्हें भविष्य में अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए छात्रों के लिए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।




