BlogPolitics

बक्सर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा : दो बच्चे गंगा में डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

बक्सर। नगर थाना क्षेत्र स्थित पुलिया गंगा घाट पर शुक्रवार की दोपहर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्नान के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इनमें एक बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे बच्चे की तलाश जारी रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौली निवासी मनोज कुमार सिंह अपने पिता स्वर्गीय गोरखनाथ सिंह के दशकर्म को लेकर पुलिया गंगा घाट के समीप पूजा-पाठ कर रहे थे। इसी दौरान उनका इकलौता पुत्र मुकुल कुमार सिंह (7 वर्ष) तथा उनकी बहन का पुत्र छोटू सिंह (13 वर्ष) गंगा में स्नान कर रहे थे।

बताया जाता है कि स्नान के दौरान मुकुल कुमार सिंह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मुकुल को डूबता देख छोटू सिंह उसे बचाने के लिए पानी में आगे बढ़ गया लेकिन वह गहराई में आ गया। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में डूब गए।

घटना को देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद मुकुल कुमार सिंह को पानी से बाहर निकाल लिया गया और आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं छोटू सिंह गहरे पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय नाविकों तथा गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई।वही छोटू सिंह का कोई पता नहीं चल सका था।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों में भी शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!