OthersPolitics

वार्ड पार्षद चक्रवर्ती चौधरी पर भड़के नगर परिषद के पार्षद, बोले- 48 घंटे में मांगे माफी, नहीं तो होगी FIR

बक्सर। नगर परिषद बक्सर की सशक्त स्थाई समिति चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। चुनाव में हार के बाद वार्ड पार्षद चक्रवर्ती चौधरी द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए बयान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान के खिलाफ नगर परिषद के कई वार्ड पार्षद शुक्रवार को नगर थाना पहुंचे और आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

पार्षदों का आरोप है कि चक्रवर्ती चौधरी द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक एवं नगर परिषद की छवि धूमिल करने वाले हैं। आवेदन देने वालों में वार्ड पार्षद राहुल कुमार सिंह, हिटलर कुमार सिंह, राजू राय, दीपक सिंह, विनोद माली, चंदन पाठक समेत कई अन्य पार्षद शामिल रहे।

पार्षदों ने बताया कि मामले की जांच थाना अध्यक्ष द्वारा की जा रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 48 घंटे के भीतर चक्रवर्ती चौधरी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

वार्ड पार्षदों का कहना है कि सशक्त स्थाई समिति का चुनाव पूरी तरह नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ है। ऐसे में बिना किसी प्रमाण के भ्रष्टाचार एवं पैसे के लेन-देन जैसे गंभीर आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने भी चक्रवर्ती चौधरी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि नगर परिषद की विकास योजनाओं से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से इस प्रकार के बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से पूरी की गई है।

नगर परिषद की राजनीति में इस विवाद को लेकर माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!