
बक्सर. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय, बक्सर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण अली अलवर्ट ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम पदाधिकारी मंगल सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव सह सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. कृष्ण अली अलवर्ट एवं कार्यक्रम पदाधिकारी मंगल सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 1987 में तंबाकू सेवन से होने वाली मौतों को रोकने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस दिवस की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से हर वर्ष लाखों लोगों की जान कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के कारण चली जाती है।
प्राचार्य डॉ. कृष्ण अली अलवर्ट ने छात्रों से तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक उपेंद्र कुमार सिंह, मदन सिंह, अधिवक्ता हरेंद्र कुमार सिंह, जगन्नाथ राम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने तंबाकू का सेवन नहीं करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।





