
बक्सर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बक्सर चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से गोयल स्मृति भवन में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। व्यापारियों के स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक व्यापारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद के स्वागत भाषण से हुई। योग विशेषज्ञ एवं अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ समाज और मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में योग हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, जिससे न केवल तनाव कम होता है, बल्कि कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव दौलत चंद्रगुप्त ने कहा कि योग केवल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित योग करने तथा संतुलित आहार अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष रोहतास गोयल और संजय मिश्रा, संयुक्त सचिव नंदलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी निर्मल कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र प्रसाद, अशोक सर्राफ, राजेश केशरी, विनय कुमार, परशुराम वर्मा, अनिल मानसिंहका, सुदीप खेतान, रिंकू सर्राफ समेत 50 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।
योग शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




