
बक्सर। बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देश पर जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार से राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 की शुरुआत हुई। इटाढ़ी रोड स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद डीएम ने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
डीएम ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला बैडमिंटन संघ के सचिव उमेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। वहीं वाइस सचिव आशुतोष राय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 19 से 23 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के एकल एवं युगल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई को आयोजित होगा।




