BlogOthers

फाउंडेशन स्कूल में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, वीर सैनिकों व वीर नारियों का हुआ सम्मान

विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियों से जीवंत की कारगिल युद्ध की वीरगाथा, डीडीसी निहारिका ने कहा- सेना का सम्मान राष्ट्र का सम्मान

बक्सर. फाउंडेशन स्कूल, बक्सर के सभागार में रविवार को कारगिल विजय दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया. कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ सेवानिवृत्त सैनिकों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया. विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं को मंच पर जीवंत कर दिया.

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में टोलोलिंग पहाड़ी को दुश्मनों से मुक्त कराने की साहसिक गाथा तथा एक साधारण किसान परिवार के बेटे के सेना के उच्च पद तक पहुंचने और मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने की मार्मिक कहानी ने दर्शकों को भावुक कर दिया.

सेना का सम्मान राष्ट्र का सम्मान : डीडीसी

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (डीडीसी), बक्सर श्रीमती निहारिका ने वीर नारियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया. उन्होंने कश्मीर प्रवास के दौरान भारतीय सैनिकों के साथ बिताये अपने अनुभव साझा किये. उन्होंने कहा कि हमारी सेना का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है. आज हम सभी सुरक्षित हैं, क्योंकि हमारे सैनिक सीमाओं पर दिन-रात राष्ट्र की रक्षा में तत्पर हैं. उन्होंने विद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य ऐसे ही संस्कारवान विद्यार्थियों के हाथों में सुरक्षित है.

राष्ट्रप्रेम और अनुशासन जैसे मूल्यों का विकास जरूरी : प्रधानाचार्य

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार त्रिगुण ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नैतिक दायित्व निभाने का माध्यम हैं. विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सर्वोच्च बलिदान की भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, त्याग, साहस और सेवा जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना है. उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी वास्तविक वीर योद्धाओं के सान्निध्य में आते हैं, तो उन्हें जीवन के ऐसे मूल्य सीखने को मिलते हैं, जो किसी पुस्तक में नहीं पढ़ाये जा सकते.

कार्यक्रम में बक्सर एक्स आर्मी एसोसिएशन के सभापति विद्यासागर चौबे, एनसीसी के अधिकारीगण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. विद्यालय परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त सैनिकों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया तथा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी.

दक्ष दत्त मिश्रा ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में विशेष आमंत्रित अतिथि दक्ष दत्त मिश्रा ने आयोजन की सफलता के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, वीर सैनिकों एवं वीर नारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें भारत के गौरवशाली इतिहास एवं शहीदों के अद्वितीय बलिदान से परिचित कराते हैं.

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. एस. के. दुबे, अनिल ओझा, अजय तिवारी, संजीव सिंह, राजीव पाठक, सरोज सिंह, विनय पाठक, अभिनंदन मौर्य, पंचानंद, शाहीन, अनुपमा पाठक, सोनी भारती, वंदना, एस. जे. दुबे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!