
बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आर.बी. सिंह, उप निदेशिका उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय निदेशक आर.बी. सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन उन अमर बलिदानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की अस्मिता, एकता एवं अखंडता को बनाए रखना चाहिए।

विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि आज देश को सबसे अधिक अपनी युवा पीढ़ी की जरूरत है। युवा किसी भी राष्ट्र की अचल पूंजी और सकारात्मक परिवर्तन के प्रमुख वाहक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आदर्श मूल्यों एवं नैतिकता को अपनाने तथा राष्ट्र के विकास और राष्ट्रीय एकता-अखंडता के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत देव स्तुति से हुई, जिसे वर्ग पांच की छात्राओं नंदिनी और आराध्या ने प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया। विद्यार्थियों ने देश की आजादी और राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण से जुड़े प्रेरणादायी भाषण भी दिए।
समारोह विशेष रूप से जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों पर केंद्रित रहा। वर्ग एक से पांच तक के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने समारोह में शामिल सभी अभिभावकों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।




