
बक्सर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित आर्यन बासु मैरेज हॉल में रविवार को बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के तत्वावधान में सोनी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव उर्फ संटू जी ने की। वर्कशॉप में बक्सर के अलावा भोजपुर जिले से भी एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुवेनाइल कोर्ट के जज उदय कुमार मौजूद रहे। वहीं भोजपुर-आरा से बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयंत कुमार ओझा, मीडिया प्रभारी अमित मिश्रा और कोषाध्यक्ष प्रदीप रंजन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
वर्कशॉप को संबोधित करते हुए बिहार-झारखंड के एरिया सेल्स मैनेजर सरफराज अहमद ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का दौर है। ग्राहक अब फोटोग्राफरों के काम की गुणवत्ता को सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो के माध्यम से भी परखते हैं। ऐसे में फोटोग्राफरों के लिए जरूरी है कि वे बदलती तकनीक के साथ लगातार खुद को अपग्रेड करते रहें। उन्होंने फ्यूचर सिनेमालाइन कैमरा की विशेषताओं, तकनीकी क्षमता तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी में इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं सोनी अल्फा स्पेशलिस्ट मोहम्मद नूर आलम ने आधुनिक कैमरा तकनीक और उसके बेहतर उपयोग के बारे में फोटोग्राफरों को जानकारी दी। उन्होंने बदलते डिजिटल दौर में फोटोग्राफी की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा, सचिव निसार अहमद, मीडिया प्रभारी आलोक कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, चंदन शर्मा और कोषाध्यक्ष अमृत सरोज सहित कई फोटोग्राफर मौजूद रहे। आदर्श कुमार श्रीवास्तव, ब्रह्मदेव खरवार, शशि प्रकाश, मनी भूषण, मंटू कुमार, पंकज कुमार, श्रीकांत ठाकुर, जितेंद्र कुमार, चंदन गुप्ता, कृष्णा कुमार, अंशु कुमार और पवन कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लिया।
वर्कशॉप के दौरान फोटोग्राफरों ने नई तकनीक से जुड़े सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान बताया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के तकनीकी वर्कशॉप से फोटोग्राफरों को आधुनिक कैमरा सिस्टम और नई तकनीक की जानकारी मिलने के साथ अपने काम को अधिक प्रोफेशनल बनाने में मदद मिलेगी।




