
बक्सर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम बक्सर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सिंडिकेट के समीप बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर और फूल-मालाओं से प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान भाजयुमो के समर्थन में नारेबाजी से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
स्वागत समारोह के बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस चौकी स्थित वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा। यहां उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इसके बाद अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भाजयुमो की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पाण्डेय ने की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी एनजीओ सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में युवा शक्ति को एकजुट होकर विभाजनकारी ताकतों का मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की जिम्मेदारी युवाओं की भी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि बिहार, विशेषकर बक्सर के भाजपा युवा कार्यकर्ताओं में विभाजनकारी चुनौतियों से निपटने की क्षमता और सामर्थ्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सुशासन और उपलब्धियों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को पूरा करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश में कुछ विभाजनकारी शक्तियां युवाओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। देश का युवा ऐसी ताकतों के मंसूबों को विफल करते हुए विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखता है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा, प्रदीप दुबे, कुलभूषण, रुपेश दुबे, धीरज पाठक, विमल सिंह, सतेन्द्र पाण्डेय, सूर्यभान सिंह, राजा निषाद, शिवम, विक्की, दिलीप उपाध्याय, सोनू कुशवाहा, रत्नेश, सुशांत, मधु यादव, कमलेश महाजन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक में हजारों युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विमल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।




