BlogOthers

बक्सर फाउंडेशन स्कूल में भव्य इन्वेस्टिचर समारोह, 40 विद्यार्थियों को मिली नेतृत्व की जिम्मेदारी

बक्सर फाउंडेशन स्कूल में मंगलवार को इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया. समारोह में विद्यालय के चार हाउस—विवेकानंद, सुभाष, टैगोर एवं कलाम हाउस—के कैप्टन, वाइस कैप्टन, चीफ प्रीफेक्ट सहित अन्य प्रीफेक्ट्स को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गयी. प्राथमिक वर्ग (कक्षा एक से पांच) के विद्यार्थियों के लिए भी अलग से नेतृत्वकर्ताओं का चयन किया गया.

विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया लिखित परीक्षा, साक्षात्कार एवं शारीरिक दक्षता के आधार पर की गयी. इसमें कुल 400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से निर्धारित मानदंडों के आधार पर 40 विद्यार्थियों का चयन किया गया. चयनित विद्यार्थियों को उनके पद के अनुरूप बैज एवं कैप पहनाकर सम्मानित किया गया. अपने बच्चों को नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलते देख अभिभावक भी गर्व और उत्साह से भर उठे.

अनुशासन व नेतृत्व के लिए विद्यालयी जीवन महत्वपूर्ण : प्राचार्य

विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार त्रिगुण ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं होती हैं. उन्हें उचित मंच देकर प्रतिभा को निखारने की जरूरत है। विद्यालयी जीवन नेतृत्व क्षमता विकसित करने की उपयुक्त अवस्था है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने, दूसरों का मार्गदर्शन करने और चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं.

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, टीमवर्क, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने-अपने हाउस के गौरव को बनाए रखने की सलाह दी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की.

समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों ने विद्यालय के बैंड की लय और ताल के साथ शानदार समन्वय का प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, एकरूपता एवं अनुशासन कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा.

पद की गरिमा बनाए रखने का दिया संदेश

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. जयराम चौधरी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए नेतृत्व कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखने, दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने और अपने कार्यों से आदर्श प्रस्तुत करने का आह्वान किया.

विद्यालय के एकेडमिक हेड डॉ. एस. के. दुबे ने भी चयनित कैप्टनों एवं अन्य पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल शिक्षक एस. के. तिवारी, सरदार सिंह, इमरान खान एवं चंदन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

इस अवसर पर स्कूल कैप्टन सुधांशु पाठक, स्कूल गर्ल्स कैप्टन साक्षी एवं परेड कैप्टन अभिषेक ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय की ओर से मिली जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने का संकल्प लिया.

इन्वेस्टिचर समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, उदाहरण प्रस्तुत करने और सामूहिक प्रगति में योगदान देने का संकल्प है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!