
बक्सर. यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुई हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बतायी गयी है।
मंगलवार की शाम बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान वेटिंग हॉल के समीप दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थिति में नजर आयीं। संदेह के आधार पर टीम ने दोनों को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद कपड़े की एक पोटली से चांदी के आभूषण बरामद हुए।
पूछताछ में ट्रेन में चोरी की बात बतायी

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर कोलकाता से आ रही एक ट्रेन में एक यात्री के बैग से उक्त आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में एक महिला के पूर्व में भी हुगली पीपी से कई बार जेल जाने की जानकारी सामने आयी है।
दोनों गिरफ्तार महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान लक्ष्मी पासी (48), पति गणेश पासी, निवासी बांडेल, थाना पीपी हुगली, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल और पूजा पासी (26), पति अजय पासी, निवासी बराकर, थाना कुल्टी, जिला आसनसोल, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
ये सामान हुए बरामद
चांदी की पायल – एक जोड़ी
चांदी की बिछिया – तीन जोड़ी
बरामद सामान की अनुमानित कीमत – करीब 20 हजार रुपये
कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआइ योगेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजेश राय, कांस्टेबल डीके सिंह तथा जीआरपी के एलसीटी प्रेम प्रकाश शामिल थे। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों महिलाओं को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को दें।



