
बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के छोटकी सरिमपुर मोहल्ले में मंगलवार की शाम साधु का वेश धारण कर महिला को झांसे में लेकर सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया. पूछताछ के आधार पर नगर थाना पुलिस ने उसके बताए अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है. पुलिस ने कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम साधु के वेश में एक व्यक्ति छोटकी सरिमपुर मोहल्ले में पहुंचा. आरोप है कि उसने एक महिला को बातचीत में उलझाकर अपने विश्वास में लिया और इसी दौरान उसके सोने के गहने ले लिये. इसके बाद वह वहां से निकलने लगा. कुछ देर बाद महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया.
महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया. लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में ले लिया.

छह संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिये गये लोगों की पहचान रामकरण (45), लल्लन (32), सुनील (25), राजकुमार (32), कपिल (24) और जितेंद्र (22) के रूप में हुई है. सभी के उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में प्रत्येक व्यक्ति की क्या भूमिका थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या ये लोग पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. पूछताछ के आधार पर पुलिस इनके काम करने के तरीके और किसी अन्य घटना में संलिप्तता के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
महिला ने नहीं दिया लिखित आवेदन
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला की ओर से घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



