बिहार सेंट्रल स्कूल में सत्र 2027-28 के नामांकन शुरू, मुफ्त एडमिशन के साथ किताब-कॉपियां भी फ्री
बाईपास रोड स्थित विद्यालय में नर्सरी से नौवीं तक रजिस्ट्रेशन जारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर रहेगा विशेष जोर

बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय में 17 नवंबर से नर्सरी से लेकर कक्षा नौवीं तक के विद्यार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। शुरुआती कक्षाओं में नामांकन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन ने नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी में मुफ्त नामांकन के साथ किताबें और कॉपियां भी निःशुल्क देने की पहल की है।
विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने बताया कि बच्चों को शुरुआती दौर से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नर्सरी से यूकेजी तक नामांकन शुल्क माफ करने के साथ किताबें और कॉपियां भी मुफ्त देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में शिक्षा के शुरुआती वर्ष काफी महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर माहौल मिले, तो उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है।
वहीं, विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल विनय ने बताया कि नए सत्र के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जूनियर कक्षाओं के साथ-साथ सीनियर विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कक्षा एक और उससे ऊपर की कक्षाओं में भी नामांकन जारी है। विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने और विषयों की गहरी समझ विकसित करने के लिए गाइड बुक्स उपलब्ध कराई जाएंगी।

विद्यालय का मुख्य उद्देश्य नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यहां के विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं। वहीं, पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर कई पुरस्कार जीते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अनुभवी शिक्षकों, बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं, अनुशासित वातावरण और आधुनिक शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाएगा। बच्चों की शैक्षणिक क्षमता, आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को निखारना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
नए सत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती कक्षाओं में मुफ्त नामांकन के साथ किताबें और कॉपियां उपलब्ध कराने की पहल से अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा।




