इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने याद किया योगदान

बक्सर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय, गोलंबर, बक्सर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में संपन्न हुआ. इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन निवेदित किए.
सभा में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के अदम्य साहस, दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं त्यागपूर्ण जीवन को याद किया. उनके राजनीतिक योगदान एवं देश के विकास में निभाई गई भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया.
जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन साहस, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है. उनका योगदान देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा. उनके विचार एवं जनसेवा के प्रति समर्पण कांग्रेसजनों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे.

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय, प्रोफेसर पी.के. मिश्रा, शिवाकांत मिश्रा, पप्पू दुबे, त्रियोगी मिश्रा, लक्ष्मण उपाध्याय, विनोद मौर्या एवं राजा तिवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.




