बक्सर भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत, तीन घायल

बक्सर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपा गांव के समीप गुरुवार को कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के पांच युवक i20 कार में सवार होकर रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। तभी दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अरुण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उसका दाहिना पैर भी कट गया। बाइक पर सवार शिवम और शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, कार में सवार इरफान, अरबाज और बादल की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार सवार सम्राट कुमार को घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में एक अन्य युवक की स्थिति और पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।




