Others

एम.पी. हाई स्कूल बक्सर में संकल्प संध्या की शुरुआत, बच्चों को मुफ्त पढ़ाई के साथ मार्गदर्शन

बक्सर। बिहार सरकार की पहल पर पढ़ाई में कमजोर और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सहयोग देने के उद्देश्य से ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में 17 नवंबर से संध्या कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर उनके शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से भी बच्चों को मार्गदर्शन देने की योजना है।

इसी क्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग, कॉपी और कलम का वितरण किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से उन्हें पढ़ाई में बेहतर करने का अवसर और प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जो विद्यार्थी आर्थिक अभाव या किसी अन्य कारण से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वे एम.पी. हाई स्कूल में संचालित संध्या कक्षाओं में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की।

शाम 5 से 7:30 बजे तक संचालित हो रही कक्षाएं

विद्यालय में संध्या कक्षाएं प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक चल रही हैं। यहां अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर और एआई की पढ़ाई कराई जा रही है। गणित के शिक्षक परशुराम प्रसाद, अंग्रेजी के शिक्षक मिथिलेश कुमार तिवारी एवं संदीप गुप्ता विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं, जबकि विज्ञान की कक्षाएं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह स्वयं लेते हैं।

बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था

संध्या कक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए हैं। कक्षाएं शुरू होने के बाद बाहरी लोगों का विद्यालय परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है, जिससे बच्चे सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।

‘संकल्प संध्या’ की यह पहल शिक्षा से वंचित बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा निखारने और पढ़ाई के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!