Others

शादी की खुशियों के बीच मातम, तालाब में नाव पलटने से दो युवकों की मौत; मृतकों में डुमरांव का शनि भी शामिल

बक्सर/बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विसरूप गांव में शादी समारोह के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नाव पलटने से पांच युवक पानी में डूब गए। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन युवकों को बचा लिया गया, जबकि दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय शनि भी शामिल है। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, विसरूप गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह का परिवार दिल्ली में रहता है। उनकी पुत्री की शादी 26 नवंबर को निर्धारित थी, जबकि 22 नवंबर को तिलक समारोह होना था। शादी को लेकर परिवार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों का आना-जाना लगा था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए लड़की के भाई के कई दोस्त भी दिल्ली से गांव पहुंचे थे।

बताया जाता है कि शनिवार दोपहर बाद पांच दोस्त गांव के तालाब पर घूमने पहुंचे। कुछ देर तालाब के किनारे रहने के बाद सभी नाव पर सवार हो गए और सेल्फी लेते हुए तालाब के बीच गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे पांचों युवक पानी में गिरकर डूबने लगे। युवकों को तैरना नहीं आता था, लिहाजा वे मदद के लिए चिल्लाने लगे।

युवकों की आवाज सुनकर तालाब के आसपास मौजूद मल्लाह और ग्रामीण तत्काल बचाव के लिए पानी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें आयुष (20 वर्ष), निवासी युसुफपुर मुहम्मदाबाद भी शामिल है। बचाए गए युवकों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, गहरे पानी में डूबे दो युवकों को काफी खोजबीन के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतकों की पहचान शनि (19 वर्ष), निवासी डुमरांव, जिला बक्सर, बिहार, और किशन तिवारी, निवासी सीताकुंड, थाना हल्दी, बलिया के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!