दानापुर ने मोतिहारी को 32 रनों से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, मंगलवार को पटना से होगा मुकाबला

बक्सर।नगर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर की टीम ने मोतिहारी को 32 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अब टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला मंगलवार को दानापुर रेलवे और पटना की टीम के बीच खेला जाएगा।

मैच का शुभारंभ डीडीसी निहारिका छवि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। वहीं स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह भी मैदान पर पहुंचे और आयोजन समिति के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

टॉस जीतकर दानापुर ने की पहले बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दानापुर रेलवे की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 223 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मोहम्मद तौफीक ने शानदार 74 रन बनाए, जबकि कप्तान रोहित राज ने नाबाद 56 रनों की जिम्मेदार पारी खेली। प्रभात राज ने 26, दिवाकर ने 14 तथा परमजीत और चैतन्य ने 13-13 रनों का योगदान दिया।
मोतिहारी की ओर से बिहार टीम के कप्तान सकीबुल गनी ने 3 विकेट झटके, जबकि बादल, मोहम्मद एजाज और निखिल को 1-1 सफलता मिली।

लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी मोतिहारी
224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोतिहारी की टीम 19.3 ओवर में 191 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मोतिहारी की ओर से समीर अख्तर ने सर्वाधिक 85 रनों की पारी खेली। देव ने 22, मोहम्मद एजाज ने 21 और अमन ने 17 रन बनाए। वहीं कप्तान सकीबुल गनी मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
दानापुर रेलवे की गेंदबाजी में परमजीत ने 3 विकेट लिए, जबकि सागर तिवारी, निशांत और रोहित राज ने 2-2 विकेट चटकाए।

रोहित राज बने मैन ऑफ द मैच
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दानापुर रेलवे के कप्तान रोहित राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें सांसद सुधाकर सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका बीसीए स्टेट पैनल के राजेश कुमार यादव एवं संजीव कुमार तिवारी ने निभाई। सुशांत ब्लास्टर की टीम द्वारा मैच का सजीव प्रसारण किया गया। ऑनलाइन स्कोरिंग अमन फरीदी एवं ऑफलाइन स्कोरिंग नारायण ने की। कमेंट्री विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की।
मैच के दौरान आयोजन समिति के सदस्य ओम जी यादव, निमतुल्लाह फरीदी, श्रवण तिवारी, फरह अंसारी, संजय राय, सेठ छन्नू लाल, शेषनाथ यादव, परमा यादव, बंटी शाही, इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह, मनोज शर्मा, दीनानाथ ठाकुर, गणेश बरनवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




