
बक्सर. जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की ओर से चलाये जा रहे विशेष अभियान में विभिन्न मामलों में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों से 80 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी अपडेट में अभियान के दौरान की गयी कार्रवाई की जानकारी दी गयी.
पुलिस के अनुसार, शराब सेवन के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, दो वारंटों के निष्पादन के दौरान भी गिरफ्तारी की गयी. शराब बरामदगी के मामले में एक व्यक्ति को विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया. अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 36 लीटर देशी शराब बरामद की.
656.6 ग्राम गांजा और 18 चिलम बरामद

अभियान के क्रम में पुलिस ने 656.6 ग्राम गांजा, 18 पीस मिट्टी का चिलम और 30,890 रुपये नकद भी बरामद किये. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.



