
बक्सर. नालसा, नई दिल्ली के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की ओर से चलाये जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत गुरुवार को शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में पॉक्सो एक्ट, 2012 को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. इसमें विद्यार्थियों को बाल यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के अधिकार और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गयी.
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने प्रधान दंडाधिकारी, किशोर न्याय परिषद, बक्सर हर्षवर्धन सिंह का अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं विद्यालय का प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया. शिविर को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी असहज या गलत स्पर्श की स्थिति में बच्चे चुप न रहें और तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें.
गलत स्पर्श पर जोर से ‘नहीं’ कहें

प्रधान दंडाधिकारी ने कहा कि बच्चों को यह समझना जरूरी है कि उनका शरीर उनका अपना है. बिना उनकी अनुमति कोई उन्हें गलत तरीके से नहीं छू सकता. उन्होंने बच्चों से कहा कि गलत स्पर्श होने पर डरने के बजाय जोर से ‘नहीं’ कहें और वहां से सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. इसके बाद माता-पिता, शिक्षक या किसी अन्य भरोसेमंद व्यक्ति को घटना की जानकारी दें. ऐसी स्थिति के लिए बच्चों को खुद को दोषी नहीं मानना चाहिए.
उन्होंने बताया कि ऐसा स्पर्श, जिसमें बच्चा सुरक्षित और सहज महसूस करे, गुड टच की श्रेणी में आता है. वहीं, जिस स्पर्श से बच्चा असहज, भयभीत या असुरक्षित महसूस करे, वह बैड टच हो सकता है. निजी अंगों को छूने का प्रयास, जबरन गले लगाना या किस करना तथा किसी गलत स्पर्श को किसी से साझा नहीं करने के लिए कहना इसके उदाहरण हैं. उन्होंने आपात स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन से मदद लेने की भी जानकारी दी.
विद्यार्थियों ने लिया सक्रिय हिस्सा
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं पीएलवी ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सुधीर कुमार, अशोक कुमार सिंह एवं कार्यालय परिचारी सुनील कुमार ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया. विद्यालय के उप प्राचार्य विनय कुमार तिवारी, शिक्षक वरुण कुमार, सुनील कुमार, मो. चांद एवं मो. अतीक भी मौजूद रहे.
शिविर में विद्यार्थी प्राप्ति पांडेय, राजलक्ष्मी, शीतल कुमारी, श्वेतांक पांडेय एवं अभिषेक सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभायी. जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया.



