
बक्सर:वीर कुंवर सिंह की जयंती और पुस्तक दिवस के अवसर पर एमपी उच्च विद्यालय में इको क्लब के अंतर्गत प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार के नेतृत्व में पर्यावरण सचेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विजयोत्सव दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर में बागवानी की सफाई और सिंचाई का कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने छात्रों को पर्यावरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति सचेत होने का अर्थ है अपने आसपास के वातावरण की रक्षा के लिए जागरूक रहना और स्थायी जीवनशैली अपनाना।

उन्होंने छात्रों को प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, उसके स्थान पर कागज या कपड़े की थैली का इस्तेमाल करने, पानी और बिजली की बचत करने तथा अनावश्यक संसाधनों की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया। साथ ही घर से बाहर निकलते समय सभी बिजली उपकरणों को बंद करने की आदत अपनाने की सलाह दी।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने हेतु पर्यावरण संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है।
इस मौके पर एनसीसी के एनओ अनूप कुमार, रमेंद्र पाण्डेय, शीबू कुमारी, परिचारी रमेश प्रसाद सहित छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।




