Others

चौसा में शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, गाजीपुर इलेवन फाइनल में पहुंची

चौसा।
चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को भव्य तरीके से हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की गाजीपुर इलेवन ने बलिया इलेवन को कड़े संघर्ष में 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में गाजीपुर और बलिया की टीमों ने एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर कई हमले किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के चलते कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दूसरे हाफ में गाजीपुर इलेवन ने बेहतर तालमेल, तेज रफ्तार और सटीक पासिंग का परिचय देते हुए एक निर्णायक गोल दागा। इसके बाद बलिया इलेवन ने बराबरी के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन गाजीपुर के गोलकीपर और डिफेंडरों ने शानदार खेल दिखाते हुए सभी हमलों को नाकाम कर दिया। अंततः मुकाबला गाजीपुर इलेवन के पक्ष में 1-0 से समाप्त हुआ।

मैच के दौरान मौजूद बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और चौसा खेल मैदान की घेराबंदी के साथ-साथ अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चौसा खेल मैदान को फिर से बेहतर स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, एसटीपीएल के प्रभारी सीईओ संदीप कुमार एवं मितेश यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों के प्रति प्रेरित करना है।

मैच का सफल संचालन रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अधिवक्ता रामलखन पाल, डॉ. सुनील सिंह यादव, प्रो. रमेशचंद श्रीवास्तव, रामाशीष सिंह, संजय मास्टर, विनोद कुमार यादव, पंकज कुमार सिंह, चन्दन चौधरी, आनंद रावत, रामजीत गोंड़, बसंती देवी, भरत पांडेय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों एवं कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।

सोमवार को प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बक्सर एकादश और आरा एकादश के बीच खेला जाएगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!