
बक्सर। दीपावली के पावन अवसर पर चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी ने नगर पंचायत में कार्यरत सफाईकर्मियों एवं अन्य मजदूरों के बीच मिठाई वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और उनके सुख, समृद्धि एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य पार्षद किरण देवी ने कहा कि दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी भाईचारे का त्योहार है। त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल हों और किसी के चेहरे पर मायूसी न रहे। उन्होंने कहा कि नगर की साफ-सफाई एवं व्यवस्था बनाए रखने में सफाईकर्मियों और मजदूरों की अहम भूमिका है। ये कर्मी दिन-रात मेहनत कर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर इन कर्मियों के बीच खुशियां बांटना और उनका उत्साह बढ़ाना एक छोटा सा प्रयास है। समाज के विकास में श्रमिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

वहीं, मिठाई पाकर सफाईकर्मियों एवं मजदूरों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव, सफाई पर्यवेक्षक, नगर पंचायत के कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।




