
बक्सर। जन सुराज पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी साहिला से मुलाकात कर जिले की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अभिषेक पांडेय, जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा, अरविंद पांडेय, धनजी पांडेय और अजीत सम्राट शामिल थे।
इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से इटाढ़ी रेलवे गुमटी को पुनः खोले जाने की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि रेलवे फाटक बंद रहने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अभिषेक पांडेय ने बताया कि पूर्व में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से भी मुलाकात कर इस मुद्दे पर आग्रह किया गया था। महाप्रबंधक ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गुमटी को शीघ्र खोलने का आश्वासन दिया था।

यातायात व पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया
जन सुराज नेताओं ने नगर में बढ़ती यातायात समस्या और पार्किंग व्यवस्था की कमी की ओर भी जिला पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि समुचित पार्किंग व्यवस्था के अभाव में मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है, जिससे जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग स्थलों के निर्माण तथा यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने की मांग की।
डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
जिला पदाधिकारी साहिला ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाये गये सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद नेताओं ने कहा कि जन सुराज पार्टी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।




