दहेज हत्या कांड में आरोपी पति गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
टेढ़की पुल के पास झाड़ी में मिली थी सुमन की लाश, 2018 के मामले में बड़ी कार्रवाई

बक्सर | डुमराव थाना कांड संख्या 427/2018 के चर्चित दहेज हत्या मामले में आरोपी अखिलेश कुमार सिंह उर्फ डब्बू सिंह को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार की अदालत ने जेल भेज दिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, डुमराव थाना क्षेत्र के अमसारी गांव निवासी कुंज बिहारी सिंह ने वर्ष 2015 में अपनी बेटी सुमन की शादी वाराणसी के शिवपुरी निवासी अखिलेश कुमार सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा व्यवसाय के नाम पर चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। किसी तरह सुमन के पिता ने दो लाख रुपये का इंतजाम कर दिया, लेकिन बाकी रकम नहीं मिलने पर सुमन को मायके भेज दिया गया।
बताया जाता है कि 30 नवंबर को अखिलेश ने सुमन को फोन कर बाजार के बहाने डुमराव बुलाया और शाम तक साथ लौटने की बात कही। लेकिन देर रात तक दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, पर मोबाइल बंद मिला।
अगले दिन डुमराव के टेढ़की पुल के पास झाड़ी में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुमन के रूप में की। जांच में सामने आया कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी और शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था।
घटना के बाद परिजनों के बयान पर डुमराव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोर्ट ने आरोपी पति को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




