CrimePolitics

नाली विवाद ने लिया हिंसक रूप: दो पक्षों में मारपीट, 6 घायल, 12 पर प्राथमिकी दर्ज

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में, देसी कट्टा लहराने के मामले में भी दर्ज हुआ केस

बक्सर | राजपुर: प्रखंड के हेठुआ पंचायत अंतर्गत नोनौरा गांव में 4 अप्रैल को नाली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में लगभग छह लोग घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कुल 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही लट्टू राम और दीपक राम के बीच घर की नाली को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान एक पक्ष की ओर से देसी कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने का भी प्रयास किया गया।
इस घटना में एक पक्ष की फूलमती देवी समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से श्याम कुमारी, श्यामलाल राम और सविता कुमारी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद एक पक्ष के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लट्टू राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, बुधवार को इस झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में दो देसी कट्टे साफ दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच तेज कर दी है। इसके अलावा, दूसरे पक्ष की फूलमती देवी के लिखित आवेदन पर दीपक राम सहित छह लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!