नगर थाना परिसर में एसपी शुभम आर्य ने लगाया जनता दरबार, फरियादियों को मिली त्वरित राहत

बक्सर। जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पुलिस प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब प्रत्येक कार्य दिवस पर जन-शिकायत निवारण सुनवाई आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में जनता दरबार लगाया गया।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे एसपी के समक्ष रखीं। एसपी शुभम आर्य ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। तत्काल आदेश से शिकायतकर्ताओं के चेहरों पर राहत देखने को मिली।
एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य आमजनों को न्याय दिलाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर शिकायत की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच होगी। नगर थाना के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दरबार में जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड, महिला उत्पीड़न, मारपीट, गुमशुदगी और लंबित मामलों से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज हुईं। कई मामलों में एसपी ने तुरंत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने का आदेश संबंधित थानेदारों को दिया। कुछ संवेदनशील मामलों की मॉनिटरिंग स्वयं एसपी द्वारा की जाएगी।
एसपी शुभम आर्य ने बताया कि गृह मंत्री और डीजीपी के निर्देश पर जिलेभर में जनता दरबार आयोजित किए जा रहे हैं। आगे यह कार्यक्रम थानों के साथ-साथ गांवों में भी आयोजित होगा, ताकि लोगों की समस्याएं नजदीक में सुनी जा सकें और उन्हें तुरंत न्याय मिल सके।
नगर थाना में आयोजित यह जनता दरबार आम जनता के लिए राहत और उम्मीद की नई पहल साबित हुआ।




