
बक्सर. बिहार राज्य नरेगा कामगार यूनियन के आह्वान पर बुधवार को इटाढ़ी प्रखंड कार्यालय परिसर में सैकड़ों नरेगा मजदूरों ने एक दिवसीय हड़ताल एवं प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के जिला महासचिव अधिवक्ता रितेश श्रीवास्तव एवं जिला अध्यक्ष भरत राम ने संयुक्त रूप से किया.
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार दिवस बढ़ाने और मजदूरी दर में वृद्धि की मांग उठाई. सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भरत राम ने कहा कि सरकार नरेगा मजदूरों को 100 दिन का रोजगार देने में भी असफल साबित हो रही है. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मजदूरों को अब 100 दिन नहीं बल्कि 200 दिन का रोजगार और प्रतिदिन ₹700 मजदूरी दी जानी चाहिए.
वहीं जिला महासचिव अधिवक्ता रितेश श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के मजदूरों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए व्यापक संघर्ष की जरूरत है.

सभा में जिला अध्यक्ष श्री किसुन सिंह, जिला सचिव रीमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में नरेगा मजदूर मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा.




