CrimeOthers

न्यायालय कार्यों में लापरवाही पर एसपी का एक्शन, 42 पुलिस कर्मियों से मांगा जवाब

 

बक्सर। न्यायालय संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर पुलिस कप्तान का डंडा चला है। बक्सर एसपी ने जिले के 42 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। यह कार्रवाई कोर्ट से जुड़े मामलों में उदासीनता और लेटलतीफी सामने आने के बाद की गई है।

शनिवार देर शाम पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार न्यायालय द्वारा मांगी गई कांड दैनिकी और संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। इसके कारण न्यायिक कार्यों के निष्पादन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने समीक्षा कराई, जिसमें जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यरत 42 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई।

मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए एसपी ने सभी संबंधित पुलिस कर्मियों से जवाब मांगा है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

एसपी शुभम आर्य ने कहा कि न्यायालय का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभागीय स्तर पर जवाब तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!