
बक्सर। पटना-बक्सर फोरलेन एनएच-922 पर बुधवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरामनपुर के समीप की है, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर की केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक का शव उसमें बुरी तरह फंस गया.
घटना सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच बताई जा रही है. हादसे के बाद फोरलेन की एक लेन पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई. हालांकि, प्रशासन ने दूसरे लेन से वाहनों का परिचालन शुरू कराया, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सका.
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस, यातायात पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और फोरलेन कंपनी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. करीब चार घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद दो क्रेन और एक बुलडोजर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को अलग किया गया और चालक के शव को बाहर निकाला गया.

हादसे में चालक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि मृत चालक की पहचान भरत यादव (47 वर्ष), पिता खरपतु यादव, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.




