
बक्सर। बिलौटी निवासी शहीद भरत तिवारी की स्मृति में रविवार को सर्वसमाज के बैनर तले रामलीला मंच से वीर कुंवर सिंह चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोग, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े बैनर लिए लोगों ने मौन मार्च निकालकर भरत तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद हुई मौत कानून के शासन और न्याय व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, मानवाधिकार और न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता से भी जुड़ा हुआ है।
सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने कथित फर्जी एनकाउंटर मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से कराने की मांग की, ताकि निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आ सके। इसके साथ ही जिन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनकी तत्काल गिरफ्तारी तथा जांच में दोषी पाए जाने पर स्पीड ट्रायल के माध्यम से कठोर कार्रवाई की भी मांग की गई।

सभा में भरत तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठी। वक्ताओं ने कहा कि न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है और यदि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई तो कानून एवं लोकतंत्र के प्रति लोगों का विश्वास प्रभावित होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि भरत तिवारी को न्याय मिलने तक उनका शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल भरत तिवारी के लिए नहीं, बल्कि संविधान, न्याय और मानवाधिकारों में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक के लिए है।
कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा में डॉ. श्रवण तिवारी, सादाब आलम, नौशाद आलम, अधिवक्ता अनीश कुमार यादव, शशि बावला, अधिवक्ता मोनू कुमार, शिक्षक नेता शिवजी दुबे, इंद्रजीत चौबे, मृत्युंजय तिवारी, अभिषेक ओझा, रोहित उपाध्याय, राजकमल सिंह, अजय कुमार मिश्रा, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता राघव कुमार पांडेय, आशुतोष उपाध्याय, मुकुद सनातन, पंकज उपाध्याय, गणेश पांडेय, बिपुल चौबे, दयानंद उपाध्याय, सिद्धार्थ कुमार, निक्कू ओझा, अनिल चतुर्वेदी, मनोज चौबे, अधिवक्ता बसंत कुमार चौबे, आदिल खान, अमन अली, राघवेंद्र पंडित, दीपक कुमार, श्रीमान मिश्र, मुन्ना तिवारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।




