OthersPolitics

बक्सर में डाक कर्मियों का सम्मान: समर्पण और मेहनत को मिला मंच, निदेशक पवन कुमार ने बढ़ाया हौसला

बक्सर: नगर के एमवी कॉलेज परिसर स्थित मानस भवन में डाक विभाग बक्सर मंडल द्वारा समर्पण सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न डाकघरों एवं इकाइयों में कार्यरत उन कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य, लक्ष्य प्राप्ति एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवन कुमार, निदेशक डाक सेवाएं मुख्यालय, बिहार सर्किल, पटना उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डाक विभाग देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जिसकी सफलता का आधार उसके कर्मियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण है।


उन्होंने कहा कि आज डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़कर बैंकिंग, बीमा, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बना रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने कार्य के प्रति समर्पित रहने और विभाग की प्रगति में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता डाक अधीक्षक बक्सर मंडल कुमारी सरिता ने की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बक्सर डिवीजन ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। 84,500 बचत खातों के लक्ष्य के विरुद्ध 1,26,734 नए खाते खोलकर विभाग ने लक्ष्य से कहीं अधिक सफलता प्राप्त की। साथ ही 34,569 खातों के बंद होने के बावजूद 92,165 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो विभाग की सक्रियता और जनविश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि बक्सर का प्रधान डाकघर अब सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक बुकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र और आधार नामांकन व अद्यतन केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार, डाक निरीक्षक रंजीत कुमार, मनीष कुमार, सीआई आदित्य राज, पोस्टमास्टर प्रेम कुमार, सारांश ओझा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विकी कुमार, सुशील कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, राहुल कुमार, जया कुमारी, मोहित केशरी, अभिषेक कुमार, विकास कुमार, विष्णु कुमार सहित अन्य कर्मियों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!