Crime

बक्सर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित ब्रह्म चौरा के समीप एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी श्रीनिवास ने अपनी पुत्री सुमन शाक्या की शादी वर्ष 2021 में बैगन गोला निवासी रमेश कुमार के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सुमन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौता भी कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

मृतका के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी बहन के साथ दहेज के लिए अक्सर मारपीट की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार की शाम उनकी बहन को जहर दे दिया गया। शाम में फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सुमन की तबीयत काफी खराब है। जब वे नया बाजार घर पहुंचे तो सुमन मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।

परिजनों के अनुसार, मृतका का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। बताया जाता है कि मृतका का पति नया बाजार स्थित निजी अस्पताल साकेत हॉस्पिटल का संचालन करता है।

इधर, नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले में मृतका के पति रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!