BlogOthers

बक्सर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी भगवान चित्रगुप्त महाराज की पूजा

सोहनी पट्टी के गौरी शंकर मंदिर में हुआ आयोजन, सर्वसमाज की सहभागिता ने दिया सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश

बक्सर। शहर के सोहनी पट्टी स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में बुधवार को कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा-अर्चना श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। श्री चित्रगुप्त पूजा समिति, सोहनी पट्टी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

पूजा समारोह में कायस्थ समाज के लोगों के साथ-साथ विभिन्न समाजों और समुदायों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का परिचय दिया। सर्वसमाज की सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देने वाला बना दिया।

इस अवसर पर समिति के संयोजक डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा ‘गुलालाल’ ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा केवल कायस्थ समाज की धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संयोजक डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा ‘गुलालाल’ ने किया। मौके पर सुलालन लाल, डॉ. सुधीर कुमार सिन्हा, जितेंद्र श्रीवास्तव, बाबलू दयाद, बिहारी लाल मास्टर, सत्यराज सिन्हा, सुजीत कुमार सिन्हा, बाबुआ अस्थाना, डॉ. राज सिन्हा, विकास सिन्हा, नारायण जी श्रीवास्तव, पप्पू लाल, मनोज लाल, अनिल कुमार सिन्हा, लखन लाल, गोविंद जी श्रीवास्तव, राजेश सिन्हा, शशि लाल, आनंदी राज सिन्हा एवं रामजी लाल सहित कायस्थ समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। इनके अलावा अन्य समाजों के गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!