BlogOthers

बक्सर में 3 जुलाई को होगी रेड रन–2026, एचआईवी जागरूकता के लिए दौड़ेंगे युवा

बक्सर : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “रेड रन–2026” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा द्वारा संबद्ध महाविद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

रेड रन–2026 के अंतर्गत राज्य के सभी जिलों में पांच किलोमीटर की रेड रन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें रेड रिबन क्लब के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय स्तर, जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बिहार में जिला स्तरीय रेड रन प्रतियोगिताओं का आयोजन 1 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच प्रस्तावित है। बक्सर जिले के रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. रास बिहारी शर्मा ने बताया कि जिले में 3 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इससे पहले सभी महाविद्यालयों में कॉलेज स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इस संबंध में सभी महाविद्यालयों को आवश्यक पत्र एवं दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

डॉ. शर्मा ने बताया कि रेड रन–2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, एचआईवी/एड्स से बचाव के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना, सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी और समाज में जागरूकता का व्यापक संदेश प्रसारित किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा जिला नोडल अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला आईसीटीसी पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि आयोजन निर्धारित संचालन मार्गदर्शिका के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

डॉ. रास बिहारी शर्मा ने जिले के सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में रेड रन–2026 में भाग लेकर स्वास्थ्य जागरूकता के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!