बक्सर में 30 लाख की विदेशी शराब जब्त | कूलर के पीछे छुपाकर लाई जा रही थी बड़ी खेप, दो तस्कर गिरफ्तार
गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर कार्रवाई, एयर कूलर की आड़ में लाई जा रही थी खेप

बक्सर:मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शहर के गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर की गई कार्रवाई में ट्रक से लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई है
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान एक डीसीएम ट्रक को रोका गया, जो हिमाचल प्रदेश नंबर का था। ऊपर से देखने पर ट्रक में एयर कूलर लदे हुए थे, लेकिन जब टीम ने गहराई से तलाशी ली तो कूलरों के पीछे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
इस कार्रवाई में कुल 4,941 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब में ऑल सीजन गोल्ड कलेक्शन, रॉयल चैलेंज फाइन रिजर्व, आफ्टर डार्क ब्लू रिजर्व और गॉडफादर स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल हैं।
मौके से ट्रक चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार और सुबोध कुमार के रूप में हुई है।
मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शराब की यह खेप पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से लाई जा रही थी, जिसे जमुई में डिलीवर किया जाना था।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल ट्रक और शराब को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।




