
बक्सर। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरामनपुर गांव के समीप मंगलवार की देर शाम एनएच-922 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पड़री गांव निवासी केदार शाह के 40 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष शहर में दिनभर मजदूरी करने के बाद शाम को साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह चुरामनपुर गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। संतोष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनके परिवार में पत्नी, पांच बेटी और दो बेटे हैं।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए एनएच-922 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




