BlogOthers

मातृ दिवस समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने किया भावुक, फाउंडेशन स्कूल में भव्य समापन समारोह आयोजित

बक्सर। शहर के फाउंडेशन स्कूल के सभागार में रविवार को मातृ दिवस समारोह का भव्य एवं भावनात्मक समापन समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय में यह कार्यक्रम 7 मई से कक्षावार संचालित हो रहा था, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और संवेदनाओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। समापन दिवस पर कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बक्सर की चेयरमैन श्रीमती कमरून निशा रहीं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपने जीवन में ऐसा कार्य करना चाहिए, जिससे उसकी माता को उस पर गर्व महसूस हो। उन्होंने माताओं के त्याग, प्रेम और संघर्ष को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए बच्चों से अपने माता-पिता के प्रति सदैव सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से मातृत्व की महानता को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण बच्चों द्वारा लिखी गई स्वरचित पुस्तिकाएँ रहीं। कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं को समर्पित कविताएँ एवं कहानियाँ लिखीं, जिन्हें सुंदर रूप से संकलित कर प्रस्तुत किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने इसे बच्चों की लेखन क्षमता, भावनात्मक अभिव्यक्ति एवं सृजनात्मकता को विकसित करने की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल बताया। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि अधिकांश कविताएँ एवं रचनाएँ पूर्णतः स्वरचित थीं। बच्चों ने मंच से अपनी रचनाओं का भावपूर्ण वाचन भी किया, जिसे सुनकर कई माताएँ भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार प्रतिवर्ष इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता है ताकि विद्यार्थियों में प्रारंभिक आयु से ही पारिवारिक संबंधों एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समझ विकसित हो सके।

विद्यालय का सभागार अभिभावकों से खचाखच भरा रहा। सभी माताएँ अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देते देखकर गौरवान्वित दिखाई दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों के बीच आत्मीयता और सहयोग का सुंदर वातावरण देखने को मिला।

समारोह के अंत में डॉ. एस. के. दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर श्रीमती मीना श्रीवास्तव, वंदना कुमारी, प्रियंका कुमारी, अनुपमा पाठक, अनीता सिंह, आयशा खातून, चंचल श्रीवास्तव, पूजा देवी, रामायण राय, अजय तिवारी, राजीव पाठक, संजीव सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!