
बक्सर। सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके गुप्ता के निधन से चिकित्सा जगत एवं शहर में शोक की लहर है। उनके निधन पर ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी अस्पताल एवं बाइपास रोड स्थित हाईटेक अस्पताल में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। रश्मि मैटरनिटी अस्पताल में शोकसभा की अध्यक्षता स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि रानी तथा हाईटेक अस्पताल में कंचन सिंह ने की।
शोकसभा के दौरान चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों ने डॉ. आरके गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया।
डॉ. रश्मि रानी ने कहा कि डॉ. आरके गुप्ता का निधन चिकित्सा जगत के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक सदर अस्पताल में अपनी सेवाएं देकर गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों की निष्ठापूर्वक सेवा की। एक कुशल चिकित्सक होने के साथ ही वे सामाजिक सरोकारों के प्रति भी संवेदनशील थे। मरीजों के प्रति उनका सहज व्यवहार, सहयोग और सेवा भावना उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाती थी।

उन्होंने बताया कि डॉ. आरके गुप्ता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और बेहतर इलाज के लिए पटना में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान सोमवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों एवं उनसे जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी।
शोकसभा में मौजूद लोगों ने कहा कि डॉ. गुप्ता सरल, सहज एवं सेवाभावी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता हमेशा याद की जाएगी।
अंत में चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. आरके गुप्ता भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन चिकित्सा सेवा एवं समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।




