रोटरी क्लब बक्सर के 42 वर्ष पूर्ण, सामाजिक सेवा में रचा स्वर्णिम इतिहास


बक्सर।
रोटरी क्लब बक्सर ने अपने चार्टर के 42 वर्ष पूरे कर लिए। इस ऐतिहासिक अवसर पर रोटरी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी। बक्सर जिला रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने इस अवसर को रोटरी क्लब के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए एक गौरवपूर्ण और महान दिन बताया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ रोट्रैक्ट क्लब के साथियों ने भी सहभागिता की और सभी को शुभकामनाएं दीं। मौके पर पीपी राजेश, पूर्व आरडी दीपक, पीडीजी डॉ. सी. एम. सिंह, सीनियर रोटेरियन प्रदीप, मनीष, टुन्नु, मनोज बाबू, निर्मल सिंह, राजेश गोयल, नरेश, मंजेश, रियासत बाबू और राहुल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित चर्चा के दौरान पीडीजी डॉ. सी. एम. सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर का चार्टर 13 जनवरी 1984 को हुआ था और तब से लेकर आज तक क्लब ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जिले में एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि बीते 42 वर्षों में रोटरी ने समाज हित में अनगिनत कार्य किए हैं, जो सराहनीय और अनुकरणीय हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा इस वर्ष भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की गईं, जिनमें पीपीएच एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, बाढ़ राहत कार्य, कंबल वितरण, विद्यालयों को गोद लेना, वृक्षारोपण, निःशुल्क नेत्र जांच व इलाज, सर्वाइकल टीकाकरण, सीपीआर प्रशिक्षण शिविर तथा खेल एवं ज्ञान से जुड़े कई कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर समाज के लिए एक वरदान के रूप में कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ सेवा कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन रोटरी के सेवा भाव और सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।



