
बक्सर। जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत ग्राम राजापुर में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के माननीय सदस्य श्री राजू खरवार की अध्यक्षता में जनजाति समुदाय के लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजाति समाज की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में युवा खरवार महासभा बिहार प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश खरवार ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए समाज की जमीनी समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने जनजाति समुदाय के हक, अधिकार एवं उनके समुचित विकास से जुड़े मुद्दों को माननीय सदस्य के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
अपने संबोधन में श्री राजेश खरवार ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक जनजाति समाज को उनका अधिकार पूर्ण रूप से नहीं मिलेगा, तब तक समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज को जागरूक करने का भी आह्वान किया।

वहीं राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री राजू खरवार ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनजाति समाज से जुड़े मुद्दों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
बैठक में बड़ी संख्या में जनजाति समुदाय के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज के विकास के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।




