BlogOthers

बक्सर में मनाया गया कांशीराम का 20वां महापरिनिर्वाण दिवस, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

बहुजन समाज को संगठित कर सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने का आह्वान, अनिल कुमार बोले- कांशीराम के विचार आज भी प्रासंगिक

बक्सर। शहर के नगर भवन में बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (BS4) एवं बहुजन सेना के संयुक्त तत्वावधान में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम का 20वां महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके विचारों, सामाजिक न्याय, बहुजन एकता और संविधान की रक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. साथ ही कांशीराम के बताए रास्ते पर चलकर बहुजन समाज को संगठित करने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता BS4 के जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम ने की, जबकि मंच संचालन चक्रवर्ती चौधरी और कमलेश राव ने किया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में BS4 एवं बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार शामिल हुए. वहीं विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक सह BS4 एवं बहुजन सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव कौशलेन्द्र कुमार उर्फ छोटू मुखिया, प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार मंडल और बहुजन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यू सिंह कुशवाहा मौजूद रहे.

बहुजन समाज को संगठित करना समय की जरूरत : अनिल कुमार

मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें याद करने के साथ उनके विचारों और सिद्धांतों को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक न्याय, बहुजन एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा बेहद जरूरी है. उन्होंने देश की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि ऐसे दौर में कांशीराम के विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं. उनके बताए रास्ते पर चलकर बहुजन समाज को संगठित करना तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना जरूरी है.

अनिल कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय हैं. संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए BS4 एवं बहुजन सेना का संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने उपस्थित लोगों से सामाजिक एकता मजबूत करने और कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.

संविधान और सामाजिक न्याय के लिए एकजुट होने की अपील

पूर्व विधायक एवं BS4 के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान को देश के घर-घर तक पहुंचाने के लिए संघर्ष किया. उनके आंदोलन ने सामाजिक न्याय और संविधानवादी विचारधारा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उन्होंने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, बहुजन, शोषित, पीड़ित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों से एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने बक्सर को अपराधमुक्त बनाने और बिहार में बहुजन समाज की आवाज बुलंद करने के लिए मिलकर संघर्ष करने पर जोर दिया.

कार्यक्रम में पवन कुमार, जय प्रकाश यादव, शिव बहादुर पटेल, पप्पू पटेल, रमेश कुमार राजभर, मति उर्वर रहमान, जय नारायण राम, रामानन्द सिंह कुशवाहा, वीरेन्द्र सम्राट, पृथ्वीराज, मुकेश पासवान, बड़क राम और शारदा बौद्ध सहित कई लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने, बहुजन समाज को संगठित करने और संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!